
रांची, 18 जून 2026: झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विश्वास व्यक्त किया कि बैद्यनाथ राम संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं तथा राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा और विकास के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में बैद्यनाथ राम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं, नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया और राज्य के विकास एवं जनता के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो तथा विधायक उमाकांत रजक सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

