
रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस और आरजेडी के बीच बयानबाजी खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस प्रभारी के. राजू द्वारा आरजेडी पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव वर्मा को वोट नहीं देने का आरोप लगाए जाने के बाद आरजेडी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
आरजेडी विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू पर निशाना साधते हुए कहा कि “चोर मचाए शोर” वाली कहावत उन पर पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद संदेह के घेरे में है और अब जनता के सामने उसकी राजनीति उजागर हो रही है।

सुरेश पासवान ने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव वर्मा को एक साथ भोजन करते देखा गया था। उन्होंने कहा कि इससे दोनों नेताओं के बीच नजदीकियों की चर्चा तेज हो गई है।
आरजेडी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस एक ओर इंडिया गठबंधन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के साथ संबंध बनाए रखती है। उन्होंने कांग्रेस पर आरजेडी को बदनाम करने और अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरे दलों पर फोड़ने का आरोप लगाया।
राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद महागठबंधन के भीतर बढ़ती खींचतान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। आने वाले दिनों में इस विवाद के और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
