स्वास्थ्य व्यवस्था को मिली नई मजबूती, झारखंड में डॉक्टरों के साथ हॉस्पिटल और फाइनेंस मैनेजर्स की नियुक्ति

Spread the love

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है। राज्य सरकार ने डॉक्टरों के साथ-साथ हॉस्पिटल मैनेजर्स एवं फाइनेंस मैनेजर्स की नियुक्ति कर स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को अधिक पेशेवर, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार का उद्देश्य है कि डॉक्टरों का अधिकतम समय मरीजों के उपचार और सेवा में लगे, जबकि अस्पतालों के प्रशासनिक, प्रबंधन एवं वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी प्रशिक्षित प्रबंधन टीम संभाले।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त अधिकारियों, चिकित्सकों और प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा यह याद रखना चाहिए कि उन्हें मिलने वाला वेतन राज्य और देश के आम नागरिकों के कर से प्राप्त धन से दिया जाता है। इसलिए हम सभी जनता के प्रति जवाबदेह हैं और उनकी सेवा करना हमारा कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने बजट का एक बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों पर खर्च करती है, जबकि विकास कार्यों के लिए अपेक्षाकृत कम राशि उपलब्ध हो पाती है। ऐसे में सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि यदि सभी अधिकारी और कर्मचारी निष्ठा के साथ कार्य करें तो राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक और सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता को आप सभी से बड़ी उम्मीदें हैं और सेवा ही आपकी सबसे बड़ी पहचान बननी चाहिए।

सरकार का मानना है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं केवल भवनों और संसाधनों से नहीं, बल्कि संवेदनशील, प्रशिक्षित और समर्पित मानव संसाधन से निर्मित होती हैं। इसी सोच के साथ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में यह पहल की गई है।

Leave a Reply