
रांची: राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद बैद्यनाथ राम को बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में राजद कोटे से मंत्री संजय यादव ने उनसे मुलाकात कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान मंत्री संजय यादव ने कहा कि उन्होंने बड़े भाई एवं वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ राम से आत्मीय भेंट कर उन्हें राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम के लंबे राजनीतिक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण का लाभ झारखंड को मिलेगा।
संजय यादव ने कहा कि राज्यसभा में बैद्यनाथ राम झारखंड के साथ-साथ वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। उनके नेतृत्व और अनुभव से राज्य के विकास तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों द्वारा लगातार बैद्यनाथ राम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
