
रांची: झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का हर कदम झारखंड को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का लक्ष्य राज्य को नशामुक्त बनाना है और इस अभियान में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

मैराथन दौड़ में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इसके बाद अल्बर्ट एक्का चौक पर मैराथन एवं साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

साइकिल प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग)
• प्रथम – शरद अहीर
• द्वितीय – सुभास उरांव
• तृतीय – गुलशन डूंगडूंग
साइकिल प्रतियोगिता (महिला वर्ग)
• प्रथम – पूजा सिंह
• द्वितीय – निशा कुमारी
• तृतीय – मंजू कुमारी

मंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा राज्य को नशामुक्त, स्वस्थ, सबल और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही, जहां नशे के दुष्प्रभाव और जागरूकता से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।
