
रांची: राजधानी रांची में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जून 2026 के पहले 26 दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,07,688 वाहन चालकों के चालान काटे हैं। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी के नेतृत्व में शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, टोटो सहित सभी प्रकार के वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 26 जून को अकेले 4,361 चालान काटे गए।
सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई, जिनके 2,320 चालान काटे गए। इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1,596, रेड लाइट जंप करने पर 123, ओवर स्पीड पर 118, नो एंट्री उल्लंघन पर 45, अतिरिक्त सवारी बैठाने पर 36, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 25, प्रेशर हॉर्न लगाने पर 16, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 11 तथा अन्य उल्लंघनों पर भी चालान किए गए।

रांची ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी अन्य वाहन का नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन जब्त किया जाएगा तथा संबंधित चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
