सरला बिरला पब्लिक स्कूल में ‘चेकमेट चैंपियंस’ शतरंज शिविर का भव्य समापन

Spread the love

रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय राज्यस्तरीय आवासीय शतरंज शिविर-2026 ‘चेकमेट चैंपियंस’ का गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया। यह शिविर युवा शतरंज खिलाड़ियों के लिए सीखने, रणनीतिक सोच विकसित करने और खेल भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।



समापन समारोह में अतिथियों का स्वागत, विशिष्ट अतिथियों का सम्मान, आकर्षक मार्शल आर्ट्स नृत्य प्रस्तुति, प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण तथा धन्यवाद ज्ञापन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे समारोह ने प्रतिभागियों और अभिभावकों के लिए एक यादगार अनुभव प्रस्तुत किया।



शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ग्रैंडमास्टर हिमांशु शर्मा तथा फिडे प्रशिक्षक अभिषेक दास के विशेषज्ञ मार्गदर्शन में गहन प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण से खिलाड़ियों की रणनीतिक सोच, सामरिक समझ और निर्णय लेने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। आवासीय शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण भी विकसित हुआ।



समापन समारोह में ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के सचिव मनीष कुमार तथा रांची जिला चेस एसोसिएशन के आयोजन सचिव एवं फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त सचिव नवजोत सिंह अलंग की गरिमामयी उपस्थिति रही।


विद्यालय की प्राचार्या मनीषा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, विश्लेषणात्मक सोच और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की कला सिखाने वाला प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने ग्रैंडमास्टर हिमांशु शर्मा एवं फिडे प्रशिक्षक अभिषेक दास के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply