झारखंड का आम्रपाली आम पहुँचा दुबई, लूलू मॉल में शुरू हुई बिक्री; महिला किसानों की मेहनत को मिली वैश्विक पहचान

Spread the love

रांची, 7 जुलाई 2026: झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य का प्रसिद्ध आम्रपाली आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहा है। देवघर और गुमला जिले में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार किए गए बागानों से उत्पादित 2 टन आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई पहुँच चुकी है। यह आम अब दुबई के प्रतिष्ठित लूलू मॉल में बिक्री के लिए उपलब्ध है और अपनी मिठास व उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण ग्राहकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।


यह उपलब्धि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के प्रयासों और महिला स्वयं सहायता समूहों की मेहनत का परिणाम है। देवघर की मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी तथा गुमला की किसान उत्पादक कंपनियों ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।


इससे पहले भी झारखंड का आम्रपाली आम लंदन और इटली जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँच चुका है। अब दुबई में बिक्री शुरू होने से राज्य के आम को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है।


ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि इसका पूरा श्रेय झारखंड की मेहनतकश दीदियों को जाता है। उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन चुकी है। सरकार का लक्ष्य राज्य की महिला किसानों के उत्पादों को दुनिया के अधिक से अधिक देशों तक पहुँचाना और उनकी आय में लगातार वृद्धि सुनिश्चित करना है।

‘पलाश’ ब्रांड के तहत राज्यभर में लगाए गए आम बिक्री स्टॉल और आधुनिक विपणन व्यवस्था ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे महिला किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ निर्यात बाजारों तक सीधी पहुँच भी मिल रही है।


झारखंड का आम्रपाली आम अब सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के बाजारों में भी अपनी मिठास का स्वाद बिखेर रहा है। यह राज्य की महिला किसानों की मेहनत और ग्रामीण विकास की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply