
रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके बाद नीलाद्री प्रशासनिक भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने, मेला क्षेत्र में पर्याप्त एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती, बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बायो टॉयलेट, पेयजल और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था भी की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां हर समय रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रहेंगी। मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर भी बनाया जाएगा।

बैठक में जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट शुरू करने, सभी वालंटियर्स को आईकार्ड उपलब्ध कराने और उनका विस्तृत ब्रीफिंग सत्र आयोजित करने का भी सुझाव दिया गया।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि “जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक धरोहर है। हमारा प्रयास है कि इस वर्ष की रथ यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य हो। जनसहयोग से हम इसे यादगार बनाएंगे।”

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी स्तरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।”

जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ रथ यात्रा 2026 को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं।

