रांची में Rapido Booking के बहाने लूट: चालक को सुनसान जगह बुलाकर चाकू के बल पर नकदी और मोबाइल लूटे

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में ऑनलाइन राइड बुकिंग ऐप के जरिए लूटपाट का नया तरीका सामने आया है। अपराधियों ने Rapido बुकिंग कर चालक को सुनसान इलाके में बुलाया और चाकू के बल पर उससे नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, डोरंडा थाना क्षेत्र में 12 जुलाई की देर रात करीब 1:30 बजे मोरहाबादी के एडलहातू निवासी एवं Rapido चालक मुकेश तिवारी (27) के मोबाइल पर एक राइड बुकिंग आई। बुकिंग नवाज नाम के युवक के नाम से की गई थी। चालक बताए गए पते पर यात्री को लेने के लिए हिंदपीढ़ी स्थित आमिर इकबाल एन्क्लेव, मिल्लत कॉलोनी, मणिटोला पहुंचा।


मौके पर पहुंचते ही पहले से मौजूद बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चाकू दिखाकर उसके दो मोबाइल फोन और करीब 3,300 रुपये नकद लूट लिए। जब चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पिटवाने की धमकी भी दी।


वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बुकिंग में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


इस घटना के बाद ऑनलाइन राइड बुकिंग करने वाले चालकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने चालकों से देर रात सुनसान स्थानों पर जाने से पहले अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply