जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति का बैंक अकाउंट फ्रीज, PAN के गलत इस्तेमाल की शिकायत पर केनरा बैंक की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

रांची: जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। केनरा बैंक ने मंदिर न्यास समिति का बैंक अकाउंट फिलहाल फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई मंदिर पुनर्निर्माण समिति के PAN कार्ड के कथित गलत इस्तेमाल की शिकायत की जांच के बाद की गई है।


जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के अधिवक्ता हर्ष कुमार ने रांची के उपायुक्त, केनरा बैंक, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) और वित्त मंत्रालय को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया था कि मंदिर पुनर्निर्माण समिति का गठन केवल मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए किया गया था। कार्य पूरा होने के बाद यह समिति भंग हो चुकी है।


आरोप है कि समिति के भंग होने के बावजूद उसके PAN का उपयोग जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति द्वारा किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। किसी भी संस्था को दूसरी संस्था के PAN का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती।


शिकायत की जांच के बाद केनरा बैंक ने एहतियातन मंदिर न्यास समिति का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया है और समिति को अपना वैध PAN प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply