DSPMU छात्रसंघ चुनाव 3-4 माह में कराने का आश्वासन, छात्रहित के मुद्दों पर प्रधान सचिव से मिले विवेक तिर्की

Spread the love

रांची, 29 जुलाई: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार से मुलाकात कर छात्रहित से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में सीमा मुर्मू भी शामिल थीं।


बैठक के दौरान विवेक तिर्की ने विश्वविद्यालय में सीटों की कटौती, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, AICTE से संबंधित पाठ्यक्रमों की मान्यता, छात्रों पर दर्ज मामलों की वापसी, “एक व्यक्ति–एक पद” नीति लागू करने तथा गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में संलिप्त शिक्षकों की निष्पक्ष जांच जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।


उन्होंने कहा कि आदिवासी छात्र संघ का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विश्वविद्यालय में पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है।


प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें छात्रहित से जुड़ा बताते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर DSPMU में छात्रसंघ चुनाव कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधान सचिव ने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर विभाग गंभीरता से विचार करेगा और विश्वविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


बैठक के बाद विवेक तिर्की ने कहा कि आदिवासी छात्र संघ आगे भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से विद्यार्थियों के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी प्रशासन के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

Leave a Reply