
रांची, 30 जुलाई 2026: झारखंड को पिछले पांच वर्षों में राष्ट्रीय प्रतिपूरक वनीकरण कोष प्रबंधन और योजना प्राधिकरण (CAMPA) के तहत 3,310.45 करोड़ रुपये की राशि मिली है। वहीं नगर वन योजना के तहत राज्य को 22.3 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
यह जानकारी पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी के सवाल के लिखित जवाब में दी।

सरकार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में झारखंड की 78,423.96 हेक्टेयर खराब वन भूमि का जीर्णोद्धार किया गया है। इस कार्य में प्राकृतिक पुनर्जनन, वृक्षारोपण, क्षतिपूर्ति वनीकरण, मृदा एवं नमी संरक्षण जैसे कई उपाय शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय अनुकूलन कोष (NAFCC) के तहत झारखंड में 24.73 करोड़ रुपये की एक परियोजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य वनों और उन पर निर्भर समुदायों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति अधिक सक्षम बनाना है।
वहीं, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के राष्ट्रीय अध्ययन में झारखंड को ‘अत्यधिक जलवायु संवेदनशील’ राज्य माना गया है। विभाग राज्य में जलवायु जोखिम आकलन, जन-जागरूकता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में भी सहयोग दे रहा है।
