जयकारों से गूंजा रांची, भव्य बाल कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love

रांची, 23 अगस्त। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर के तत्वावधान में रविवार को भव्य बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। नक्षत्र वन से शुरू हुई इस यात्रा में गेरुआ वस्त्र पहने सैकड़ों नन्हे कांवड़िए हाथों में कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ पहाड़ी मंदिर पहुंचे। बच्चों के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया।


यात्रा शुरू होने से पहले नक्षत्र वन में बाल कांवड़ियों एवं शिव-पार्वती के बाल स्वरूप की आरती कर उन्हें पहाड़ी मंदिर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान रांची विधायक सीपी सिंह, विजय पाठक, दिव्यानंद स्वामी, राजेश साहू और बादल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


बाल कांवड़ यात्रा नक्षत्र वन से शुरू होकर रातू रोड चौक होते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने बाल कांवड़ियों का स्वागत किया। ढोल-ताशे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।


यात्रा में शिव-पार्वती के बाल स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं नन्हे कांवड़ियों में भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह देखते ही बना।


पहाड़ी मंदिर पहुंचने के बाद सभी बाल कांवड़ियों ने विधि-विधान के साथ भगवान महाकाल बाबा का जलाभिषेक किया और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।


श्री शिव बारात आयोजन महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने कहा कि बाल कांवड़ यात्रा में शामिल सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के बाद बच्चों के बीच नाश्ता पैकेट, टॉफी और चॉकलेट का वितरण भी किया गया।

महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि इस वर्ष बाल कांवड़ यात्रा को लेकर बच्चों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह रहा। नन्हे कांवड़ियों के ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। उन्होंने कहा कि महासमिति का उद्देश्य बच्चों को सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना तथा उनमें संस्कार और सामाजिक एकता की भावना विकसित करना है।


कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, रांची नगर निगम के उपमहापौर नीरज कुमार, प्रभात खबर के संपादक विजय पाठक, रवि कुमार, महासमिति अध्यक्ष राजेश कुमार साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, दिव्यानंद स्वामी, रिवाल्डो वर्मा, शुभाशीष चटर्जी, स्वप्ना चटर्जी, मुरारी मंगल, भोलू सिंह, अमन सिंह, राम सिंह, हर्ष कुमार सहित महासमिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


महासमिति ने बाल कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, अभिभावकों और शहरवासियों का आभार जताया। आयोजन को बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Leave a Reply