नेमरा में संस्कार भोज में शामिल होने पहुंचे हजारों लोग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद संभाल रहे व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी

Spread the love

नेमरा (रामगढ़): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंच रहे हैं। इस दौरान गांव में आगंतुकों की सुविधा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं एक-एक कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वे लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि सभी आगंतुकों को उचित सुविधा मिल सके।

इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री ने नेमरा पहुंचे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सभी का अभिवादन किया और लोगों द्वारा व्यक्त किए जा रहे स्नेह एवं संवेदना को स्वीकार किया। साथ ही, अपनी माता के निधन के बाद इस कठिन समय में साथ खड़े रहने और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए सभी के प्रति आभार जताया।

स्वर्गीय रूपी सोरेन के संस्कार भोज में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों का पहुंचना मुख्यमंत्री परिवार के प्रति उनके जुड़ाव और संवेदना को दर्शाता है। नेमरा में आगंतुकों की सुविधा को लेकर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply