रांचीः जमीन घोटाला मामले में बुधवार (आज) मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दिन के एक बजे से पूछताछ होगी. सीएम से पूछताछ के दौरान स्थिति सामान्य रहे, इसके लिए सीएम आवास समेत रांची के अन्य हिस्सों में करीब 1500 की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया हैं. राजभवन से लेकर सीएम आवास तक 400 बलों को लगाया गया है।

विधि-व्यवस्था पर पूर्ण नियंत्रण रखने के गृह विभाग ने किया टीम का गठन:-
सीएम से ईडी की पूछताछ के दौरान विधि-व्यवस्था पर पूर्ण नियंत्रण रखने के गृह विभाग ने टीम का गठन किया हैं. पूरे राज्य में विधि-व्यवस्था पर पूर्ण नियंत्रण रखने के लिए वरीय प्रभार के रूप में झारखंड गृह विभाग के द्वारा वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार नेतृत्व में दल गठित किया गया है।

आईएएस अरवा राजकमल, आईजी प्रभात कुमार, आईएएस प्रशांत कुमार आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे. सभी वरीय पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहेंगे एवं पूरी स्थिति पर नजर रखेंगे.झारखंड गृह विभाग के द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दक्षिणी छोटानागपुर के आयुक्त और रांची जोनल आईजी, रांची रेंज के डीआईजी भी समय-समय पर मुख्यमंत्री सचिवालय जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुए विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए उक्त गठित दल से समन्वय स्थापित करेंगे. यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
