रांची में काली पूजा पंडाल निर्माण पर विवाद, रॉक गार्डन प्रबंधन पर काम रोकने का आरोप

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के कांके रोड स्थित माँ दक्षिणेश्वरी काली मंदिर परिसर में काली पूजा पंडाल के निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। माँ भवानी क्लब काली पूजा समिति ने आरोप लगाया है कि पंडाल निर्माण की तैयारी शुरू होते ही रॉक गार्डन प्रबंधन ने निर्माण कार्य को बलपूर्वक रोक दिया। समिति ने इस दौरान सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है।

समिति के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर परिसर में भव्य काली पूजा का आयोजन किया जाना है, जिसमें हजारों श्रद्धालु माँ काली के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पंडाल निर्माण रोके जाने से पूजा की तैयारियों को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।

समिति के अध्यक्ष बलराम सिंह का कहना है कि जिस स्थान पर पंडाल का निर्माण किया जाना है, वह माँ दक्षिणेश्वरी काली मंदिर परिसर का हिस्सा है और इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज समिति के पास मौजूद हैं।

समिति ने बताया कि 25 अक्टूबर को स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में हेहल के अंचल अधिकारी द्वारा संबंधित भूमि का सीमांकन किया गया। समिति का दावा है कि सीमांकन के दौरान जमीन को मंदिर परिसर का हिस्सा बताया गया।

इस मामले में समिति ने संबंधित प्रबंधन और प्रशासन से हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान निकालने तथा शांतिपूर्ण तरीके से पंडाल निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।

समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सीमांकन के बाद भी पंडाल निर्माण कार्य रोका जाता है, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल, इस विवाद में रॉक गार्डन प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है। मामले में प्रबंधन की प्रतिक्रिया और प्रशासन की ओर से की जाने वाली आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply