
रांची : मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को कायाकल्प–स्वच्छता एवं हाइजीन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के विशेष अभियान-6 के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य संस्थान परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ बनाए रखने के साथ मरीजों, उनके परिजनों तथा कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
RINPAS परिसर के विभिन्न स्थानों पर हुई सफाई
अभियान के दौरान रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड अलाइड साइंसेज (RINPAS) के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष साफ-सफाई की गई। इसके तहत धर्मशाला, महिला हाफवे होम, टीचिंग ब्लॉक, महिला अनुभाग सहित परिसर के अन्य क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।

संस्थान परिसर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर उपचार के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
बैनर और स्टैंडी के जरिए लोगों को किया गया जागरूक
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संस्थान के विभिन्न स्थानों और ओपीडी क्षेत्र में बैनर एवं स्टैंडी लगाए गए। इनके माध्यम से मरीजों, परिजनों, कर्मचारियों और आगंतुकों को स्वच्छता के पांच सरल नियमों की जानकारी दी गई।
इन नियमों में हाथ धोकर संक्रमण से बचाव करना, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालना, इधर-उधर नहीं थूकना, शौचालय को स्वच्छ रखना और संस्थान परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी निभाना शामिल है।

निदेशक समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
इस स्वच्छता अभियान में RINPAS की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई, उप निदेशक श्री मिथिलेश कुमार चौधरी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डॉ. मनीषा किरण, डॉ. रेखा रॉय, डॉ. इंदु सुलंकी समेत अन्य अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और सैनिटेशन स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के दौरान सभी ने स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि संस्थान को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ बनाए रखना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक सदस्य का सहयोग जरूरी है।
मरीजों और परिजनों से की गई सहयोग की अपील
RINPAS प्रबंधन की ओर से मरीजों, उनके परिजनों, कर्मचारियों और आगंतुकों से संस्थान परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने पर जोर दिया गया।

अभियान का मुख्य संदेश ‘स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ – मिलकर सबके लिए एक स्वच्छ RINPAS बनाएं’ रहा। इस पहल के माध्यम से संस्थान में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।