
रांची: झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत की खबर सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। घटना से पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी बात रखी थी। उनका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो में निशा भगत जमीन माफिया के खिलाफ अपनी लड़ाई और सिस्टम के खिलाफ संघर्ष का जिक्र करती नजर आ रही थीं। उन्होंने अपनी परेशानियों और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर भी कई बातें कही थीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद उनकी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

जानकारी के मुताबिक, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया गया है।
आदिवासी अधिकारों के लिए उठाती थीं आवाज
निशा भगत की पहचान आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली मुखर नेत्री के रूप में रही है। वह सरना धर्म के मुद्दे पर भी लगातार अपनी आवाज बुलंद करती रही थीं। पिछले वर्ष इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपना सिर भी मुंडवाया था।

जमीन माफिया और सिस्टम पर उठाए थे सवाल
अपने फेसबुक लाइव में निशा भगत जमीन माफिया के खिलाफ संघर्ष और सिस्टम से जुड़ी परेशानियों की चर्चा करती दिखाई दी थीं। अब उनकी मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच का इंतजार है।
