
रांची: आदिवासी समाज की नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। निशा भगत के पिता हांदू भगत की लिखित शिकायत पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों पर निशा भगत को कथित रूप से प्रताड़ित करने, उनकी बदनामी करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।
डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय को एसआईटी की कमान सौंपी गई है। टीम निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के अलावा घटनाक्रम और संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर
इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। थाना प्रभारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने थाना प्रभारी को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी और आत्महत्या करने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था।

फेसबुक लाइव में साझा की थी अपनी परेशानी
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान वह रोते हुए अपनी परेशानियां साझा कर रही थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों, कथित प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अजय तिर्की का भी नाम लिया था।
पिता ने लगाई न्याय की गुहार
निशा भगत के पिता हांदू भगत ने पिठोरिया थाना में लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि इन लोगों की वजह से निशा भगत मानसिक रूप से परेशान थीं और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।
NCST और राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान
निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही निशा भगत के फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया है।
फिलहाल एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि निशा भगत की मौत के पीछे की परिस्थितियां और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सच्चाई कब तक सामने आती है।