
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत से जुड़े प्रकरण की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दे दिया है। सरकार की ओर से यह निर्णय मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया बताया जा रहा है।

निशा भगत की मौत के बाद से परिजनों, विपक्षी नेताओं और कई सामाजिक संगठनों ने लगातार CBI जांच की मांग की थी। निशा के पिता ने बेटी की मौत को साजिश बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, निशा भगत ने मौत से पहले फेसबुक लाइव करते हुए कथित प्रताड़ना और भूमि से जुड़े मुद्दों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब CBI जांच के दायरे में घटना की पूरी परिस्थितियां, निशा के फेसबुक लाइव में उठाए गए आरोप, डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और पुलिस की पिछली जांच शामिल हो सकती है। जांच एजेंसी यह तय करेगी कि मौत के पीछे कौन-कौन से कारण और लोग जिम्मेदार थे।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले में संज्ञान लिया है और पुलिस से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। वहीं, भाजपा समेत कई संगठनों ने लगातार CBI जांच की मांग उठाई थी।