केंद्रीय सरना समिति ने दिवंगत निशा भगत को दी श्रद्धांजलि, 29 नवंबर को करमटोली धुमकुड़िया में होगी शोक सभा

Spread the love

रांची: कचहरी परिसर स्थित 13 RIT बिल्डिंग के केंद्रीय कार्यालय में आज (11 नवंबर 2026) केंद्रीय सरना समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने की। बैठक में मुख्य रूप से समाज की प्रखर आवाज रहीं दिवंगत निशा भगत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को याद किया।


बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज की एक साहसी बेटी थीं। वह हमेशा समाज के हकों और मुद्दों को पूरी प्रखरता और निडरता के साथ उठाती थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय सरना समिति निशा भगत मामले में हो रही CBI जांच का स्वागत करती है।

समाज की इस बहादुर बेटी को व्यापक रूप से याद करने और उन्हें सम्मान देने के लिए समिति ने निर्णय लिया है कि आगामी 29 नवंबर 2026 को रांची के करमटोली स्थित धुमकुड़िया में एक विशेष ‘शोक सभा सह श्रद्धांजलि सभा’ का आयोजन किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय सरना समिति के महासचिव संजय तिर्की, संरक्षक ललित कच्छप, प्रमोद एक्का, रांची जिला सरना समिति के अध्यक्ष अमर तिर्की, विनय उरांव, विकी लोहरा और रतन उराँव समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply