पावर ब्रोकर विनोद सिंह का वाट्सएप्प चैट इन दिनों चर्चा में हैं. सात फरवरी को आईएएस शशि रंजन समेत तीन अफसरों की पोस्टिंग के लिए भेजे गए मैसेज का चैट वायरल हुआ था. इस बीच एक सूत्र ने दावा किया है कि विनोद सिंह कई दूसरे ब्यूरोक्रेट्स की पोस्टिंग को लेकर भी सक्रिय रहा था. इनमें कई आईएएस व आईपीएस शामिल हैं. ईडी ने कोर्ट में जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें दावा किया है कि विनोद सिंह अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में शामिल था. हालांकि अब तक जो चैट सामने आए हैं, वह वर्ष 2020 की है और एकतरफा भेजा गया मैसेज है. जांच इस बात की हो रही है कि उसके चैट में जिन अफसरों के नाम हैं, उनकी पोस्टिंग हुई या नहीं।

ऑडियो और वीडियो भी मिले हैं:-
सूत्रों ने बताया है कि जांच के दौरान ईडी को विनोद सिंह के मोबाईल में कई ऑडियो-वीडियो मिले हैं. जिसकी पड़ताल की जा रही है. यह जांचा जा रहा है कि ऑडियो वीडियो का संबंध किन-किन अफसरों या दूसरे लोगों से है. माना जा रहा है कि इसी के आधार पर ईडी की आगे की कार्रवाई शुरु होगी।
मिले थे कई तरह के दस्तावेज :-
मालूम हो कि ईडी ने गत सात फरवरी को आर्किटेक्ट विनोद सिंह से पूछताछ की थी. इससे पहले ईडी ने विनोद सिंह के घर पर छापामारी की थी. छापमारी में ईडी को कई तरह के दस्तावेज मिले थे. जेएससीसी द्वारा ली गई परिक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी भी मिला है. उल्लेखनीय है कि ईडी ने तीन दिन पहले राज्य पुलिस को पत्र लिख कर जेएसससी द्वारा ली गई परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर दर्ज प्राथमिकी के बारे में जानकारी मांगी है. माना जा रहा है कि ईडी जल्द ही इस मामले की जांच शुरु कर सकती है।
