राज्य में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के लिए पुलिस एक्टिव है। राज्यभर में पुलिस की हो रही कार्रवाई का परिणाम भी सामने आ रहा है। एटीएस की टीम ने महज 18 दिनों में राज्य के प्रमुख 10 संगठित अपराधियों के 230 ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान 17 क्रिमिनल को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी का यह आंकड़ा इसी साल के 16 जुलाई से तीन अगस्त तक का है। यह जानकारी आज पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गयी। आज प्रेस को अमोल बी होमकर आईजी अभियान, सुरेंद्र झा एटीएस एसपी और अनुप बिरथरे डीआईजी रांची ने संबोधित किया।

पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ झारखंड एटीएस की कार्रवाई जारी है। पिछले 16 जुलाई से तीन अगस्त के दौरान एटीएस की टीम ने झारखंड के प्रमुख संगठित अपराधी गिरोह अमन श्रीवास्तव, अमन साहू, अमन सिंह, प्रिंस खान ,कालू लामा, लवकुश शर्मा, मृत भोला पांडेय, विकास तिवारी, अखिलेश सिंह, डब्लू सिंह के 230 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान एटीएस की टीम ने अलग-अलग गिरोह से जुड़े 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस ने आपराधिक गिरोह के 130 लोगों का सत्यापन किया है। 90 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गयी है। जबकि 91 लोगों को बॉन्ड भरवाया गया है। वहीं पुलिस मुख्यालय की ओर से आपराधिक गिरोह से जुड़े 338 लोगों की निगरानी के लिए झारखंड के सभी जिलों के एसपी को प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता अमोल बी होमकर ने बताया कि डीजीपी के आदेश पर एटीएस की टीम संगठित आपराधिक गिरोह के अपराधियों का डाटाबेस तैयार कर रही है। साथ ही जीरो टॉलरेंस को अपनाते हुए उनके खिलाफ एटीएस की कार्रवाई सख्ती के साथ जारी रहेगी। संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी और उनको शरण देने वाले व्यक्तियों को नहीं बक्शा जायेगा।

प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने बताया कि अमन साहू गिरोह के चंदन साव, बॉबी साव, सोनू कुमार, वारिश अंसारी, दिगंबर प्रजापति और राजन कुमार, जबकि अमन श्रीवास्तव गिरोह के ऐजाज अंसारी, मिंकु खान को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कालू लामा गिरोह के रोहित मुंडा, अभिषेक मल्लिक और शुभम विश्वकर्मा और प्रिंस खान गिरोह के अफजल अंसारी, दानिश मल्लिक, तनवीर तस्लीम तथा अमन सिंह गिरोह के बुचन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के साथ पांच पिस्तौल, एक रिवाल्वर, 49.83 लाख रुपया नकद, आठ गोली, दो मैगजीन, एक स्कॉर्पियो, दो बाइक और 14 मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।

अमोल बी होमकर ने बताया कि रांची में अपराध नियंत्रण को लेकर भू-माफिया की प्रोफाइल तैयार की गयी है। रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 49 भू-माफिया की संख्या है। इनमें 24 का प्रोफाइल तैयार किया गया है। इसके अलावा 12 अपराधिक गैंग के 119 शातिर अपराधियों में 64 का प्रोफाइल तैयार किया गया है। शेष की सत्यापन की जा रही है। उन्होंने बताया कि रांची जिले में आर्म्स एक्ट के 268 आरोपितों का सत्यापन किया गया है। जबकि सीसीए के तहत तीन, जिला बदर के लिए तीन, थाना हाजरी के लिए 14, सर्विलांस प्रोसिडिंग के लिए 17 लोगों के प्रस्ताव भेजे गये है। साथ ही एंटी काईम चेकिंग लगातार चलाया जा रहा है। एंटी काईम चेकिंग प्रत्येक दिन में तीन बार स्थान और समय बदलकर चलाया जा रहा है।