
बरकागांव (हजारीबाग) : हजारीबाग जिले के बरकागांव प्रखंड अंतर्गत गोंदलपुरा सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों में प्रस्तावित अडानी कोल परियोजना के खिलाफ जारी आंदोलन को रविवार को आम आदमी पार्टी का समर्थन मिला। पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेताओं एवं जिला पदाधिकारियों ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ एकजुटता दिखाते हुए अडानी परियोजना का विरोध किया।
आंदोलन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा, प्रदेश आरटीआई प्रभारी कृष्ण किशोर, जोनल प्रभारी राजेश लिंडा एवं संगीता तिर्की, हजारीबाग जिला सह प्रभारी विकास कुमार, रामकुमार सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आयोजित बड़ी बैठक में आम आदमी पार्टी और ग्रामीणों ने प्रशासन से आंदोलनकारियों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को अविलंब वापस लेने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गोंदलपुरा, बादाम समेत आसपास के गांवों के लोग बीते 1025 दिनों से अडानी कोल खनन परियोजना के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अडानी समूह जबरन रैयतों से जमीन अधिग्रहण करना चाहता है, जिसका वे पुरजोर विरोध कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 20 जनवरी को भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण स्वीकृति के लिए आयोजित जनसुनवाई में कथित तौर पर फर्जी रैयतों को लाकर माहौल बिगाड़ा गया, लेकिन मुकदमे निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज कर दिए गए।
ग्रामीणों के अनुसार गोंदलपुरा क्षेत्र को हजारीबाग का धान और गुड़ का कटोरा कहा जाता है। इस क्षेत्र से दामोदर नदी की एक सहायक नदी बहती है, जो परियोजना शुरू होते ही समाप्त हो सकती है। यह इलाका हाथी विचरण क्षेत्र भी है, जिससे जैव विविधता को गंभीर खतरा उत्पन्न होगा। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा ने कहा कि झारखंड में अडानी की नजर प्राकृतिक संसाधनों पर है और जल-जंगल-जमीन का दोहन करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग अडानी के साथ मिले हुए हैं और वास्तविक जमीन मालिकों को अधिग्रहण की सही जानकारी तक नहीं दी जा रही है।
जोनल प्रभारी राजेश लिंडा ने कहा कि सरकार लाठी के बल पर जमीन नहीं ले सकती और ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदेश आरटीआई प्रभारी कृष्ण किशोर ने कहा कि देश की संपत्तियों को चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंपने की नीति के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं जोनल प्रभारी संगीता तिर्की ने ग्रामीणों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभा में रैयत अरुण कुमार, असित चौधरी, उदय कुमार, राथो महतो, मुरली महतो, नकुल राणा, उमेश यादव, रोहित करमाली, मदन महतो, प्रमोद मेहता, लालदेव महतो, महेंद्र कुमार दांगी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।