
रांची : अभिनंदन ट्रस्ट एक सामाजिक संगठन है, जो झारखंड सहित पूरे देश में सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य लोगों को सशक्त बनाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनंदन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद कुमार ने बताया कि संगठन कन्या विवाह उपहार योजना, आवास योजना, वृद्ध सेवा, हेल्थ चेक-अप और रोजगार सृजन जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचा रहा है।

उन्होंने बताया कि रांची में अभिनंदन ट्रस्ट का एक स्टेट ऑफिस खोला गया है, जो झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ राज्यों के विकास कार्यों को संचालित करेगा। उन्होंने कहा कि अभिनंदन ट्रस्ट की 12 सूत्री योजना के माध्यम से देश और झारखंड में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता शाहबाज खान ने अभिनंदन ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट समाज के लिए बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा उठाई गई जिम्मेदारी काबिले तारीफ है और वह इसके कार्यों से काफी प्रभावित हैं।
शाहबाज खान ने रांची शहर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक खूबसूरत शहर है और यहां का मौसम काफी खुशनुमा है। उन्होंने कहा कि रांची आना उनका सपना था, जिसे अभिनंदन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद कुमार ने उन्हें यहां आमंत्रित कर पूरा किया।

इस दौरान अभिनंदन ट्रस्ट द्वारा शुरू की जाने वाली इलेक्ट्रिक वाहन योजना और हर्बल योजना की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इन योजनाओं से समाज के लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा।
प्रेस वार्ता में डॉ. विवेकानंद कुमार, जितेंद्र सिंह और डॉ. एस.के. वर्मा उपस्थित थे।