
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के मैसूर से 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देशभर के कई संस्थानों, हाई कोर्ट और सरकारी दफ्तरों को झूठे धमकी भरे ईमेल भेजने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अब तक 1,000 से अधिक फर्जी धमकी संदेश भेजे हैं, जिससे कई राज्यों में हड़कंप मच गया था। इन धमकियों के चलते अलग-अलग राज्यों में कई मामले भी दर्ज किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि ये सभी धमकी भरे संदेश ईमेल के माध्यम से भेजे गए थे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है।
फिलहाल आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी और मामले की आगे की जांच जारी रहेगी।