आदिवासी अस्तित्व बचाओ मोर्चा ने बदला रैली स्थान , अब 12 अक्टूबर को पद्मश्री डॉ. राम दयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होगी महाजूटान

Spread the love

आदिवासी अस्तित्व बचाओ मोर्चा ने आगामी 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशाल आदिवासी महाजूटान के स्थान में बदलाव की घोषणा की है। अब यह आयोजन पद्मश्री डॉ. राम दयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी में किया जाएगा। इस महाजूटान में झारखंड सहित देशभर से लाखों आदिवासियों के पारंपरिक वेषभूषा और हथियारों के साथ जुटने की उम्मीद है।


आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के अगुवा अजय तिर्की ने बताया कि स्थल परिवर्तन प्रशासनिक सुविधा और जनसहभागिता को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि कुड़मी समुदाय द्वारा जबरन आदिवासी का दर्जा पाने का प्रयास असंवैधानिक है। कुड़मी समाज को कभी भी आदिवासी का दर्जा नहीं दिया जाएगा, उन्होंने स्पष्ट कहा।


इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता ग्लैडसन डुंगडुंग ने कहा कि भारत में आदिवासियों का गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारे पूर्वजों ने न तो मुगलों को अपने क्षेत्र में टिकने दिया और न ही अंग्रेजों को। आज फिर आदिवासियों की अस्मिता पर हमला हो रहा है, उन्होंने कहा।


उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी समाज पांचवीं अनुसूची के तहत संरक्षित है, जबकि कुड़मी समाज राजनीतिक दबाव बनाकर संविधान की भावना को तोड़ने की कोशिश कर रहा है।


इस कार्यक्रम में प्रकाश हंस, दिनेश मुंडा, विजय करमाली, मनोज मुंडा मिट्ठू, रुपलाल मांझी, भोला मुर्मू, बहाराम मुर्मू, सुनिल टूड्डू, गैवरधन मरांडी और सेवा लाल मांझी समेत कई समाजसेवी मौजूद रहे।

Leave a Reply