नगरपालिका चुनाव 2026: रांची में पोलिंग पार्टियों की रवानगी, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

Spread the love

रांची | नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए विधिवत रवाना किया गया।


जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर और नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र और अन्य आवश्यक सामग्री सही तरीके से उपलब्ध कराई जाए और सामग्री का मिलान करने के बाद ही प्रस्थान सुनिश्चित किया जाए।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय स्थिति या विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और संबंधित दंडाधिकारी को दी जाए।


प्रशासन ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। साथ ही पेयजल, शौचालय, बिजली और रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि मतदाता निर्भीक और सुगम वातावरण में मतदान कर सकें।

जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 फरवरी को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply