
रांची : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत रांची नगर निगम क्षेत्र में चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों के साथ सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समाहरणालय परिसर में संपन्न हुई, जिसमें मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के सभी अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।

बैठक में सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु एवं व्यय प्रेक्षक श्री ध्रुव कुमार ने अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्वाचन व्यय से संबंधित सभी नियमों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
व्यय प्रेक्षक ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए चुनावी खर्च के लिए अलग से नया बैंक खाता खोलना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, निर्वाचन व्यय का पूरा विवरण निर्धारित तीन रंगों के प्रपत्रों में भरकर समाहरणालय स्थित कक्ष संख्या जी-10 में जमा करना आवश्यक है।

चुनाव प्रचार के दौरान वाहनों के उपयोग के लिए संबंधित निर्वाची पदाधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। वहीं सभा, जुलूस या जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संबंधित थाना को सूचित करते हुए आवेदन निर्वाची पदाधिकारी के पास जमा करना होगा।

प्रेक्षकों ने सभी अभ्यर्थियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
प्रेक्षकों ने अभ्यर्थियों को यह भी जानकारी दी कि वे राजकीय अतिथिशाला, सर्कुलर रोड, रांची स्थित कमरा संख्या-210 एवं 207 में प्रतिदिन अपराह्न 03:30 बजे से 04:30 बजे तक व्यक्तिगत रूप से मिलकर चुनाव से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायत के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी किया है, जिस पर आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।