
राँची में एक मानवता से जुड़ा मामला सामने आया है, जहाँ केरल से मरीज को लेकर आए एक एम्बुलेंस चालक के साथ धोखाधड़ी की घटना हुई। जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस चालक मरीज को केरल से राँची लेकर पहुँचा, लेकिन मरीज के परिजन बिना एम्बुलेंस का किराया दिए ही मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद एम्बुलेंस चालक काफी परेशान हालत में अल्बर्ट एक्का चौक के पास खड़ा था। उसी दौरान राँची के एसएसपी आधी रात को शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। एसएसपी की नजर उस परेशान व्यक्ति पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने खुद रुककर उससे पूरी घटना की जानकारी ली।
एम्बुलेंस चालक ने बताया कि वह मरीज को दूर केरल से लेकर आया, लेकिन परिजन उसे पैसे दिए बिना ही भाग गए, जिससे वह आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो गया।
इस पर एसएसपी ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक को मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने बरियातू थाना को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया और पीसीआर वाहन के माध्यम से एम्बुलेंस चालक को सुरक्षित बरियातू थाना पहुंचाया गया।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार हुए व्यक्ति की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।
यह घटना एक ओर जहाँ कुछ लोगों की गैरजिम्मेदारी को दिखाती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस की संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल भी पेश करती है।