होली के दिन हमला: रांची में कारोबारी की इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में होली के दिन हुई मारपीट की घटना ने एक कारोबारी की जान ले ली। धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट के पास स्थित विद्यानगर निवासी कारोबारी विजय कुमार सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि होली के दिन करीब 20–25 लोगों ने घर में घुसकर कारोबारी और उनके परिवार पर हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल विजय कुमार सिंह को पहले पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रिम्स रेफर किया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उनकी मौत हो गई।


मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


जानकारी के अनुसार, कारोबारी के भतीजे विकास कुमार ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया है कि चार मार्च को जब परिवार के लोग घर में होली मना रहे थे, तभी कुछ लोग दीवार फांदकर घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


इस हमले में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply