जिलाध्यक्ष के लिए सबसे योग्य व्यक्ति हैं भूषण बाड़ा. विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी।

Spread the love

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा को कांग्रेस पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान शहर में आभार यात्रा भी निकाली गई। साथ ही झूलन सिंह चौक सहित जगह जगह पर स्वागत समारोह का भी आयोजन किया गया। इस दौरान भूषण बाड़ा ज़िंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने फूल-मालाओं और बुके से विधायक सह नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा का गर्मजोशी से स्वागत किया। मौके पर स्वागत भाषण संतोष सिंह और धन्यवाद ज्ञापन बिपिन तिग्गा ने किया। मंच संचालन अख्तर खान ने किया। इधर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स, जिला नाई समाज, जैन समाज, अंजुमन इस्लामिया और तेली समाज के लोगों ने भी विधायक का स्वागत किया।



*विधायक भूषण बाड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जा: विक्सल कोंगाड़ी*
प्रिंस चौक स्थित पार्टी कार्यालय में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने जिलाध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा को बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भूषण बाड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस का संगठन नई ऊर्जा पाएगा। हम दोनों मिलकर जिले में संगठन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए काम करेंगे। विधायक नमन विक्सल कोंगाडी ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा जिला अध्यक्ष पद के लिए सबसे योग्य व्यक्ति हैं।उनका संघर्ष, उनका जनसेवा का अनुभव, और जनता से सीधा जुड़ाव यही उन्हें इस पद के लिए सर्वश्रेष्ठ बनाता है। मुझे पूरा विश्वास है कि भूषण बाड़ा जी के नेतृत्व में संगठन न केवल मज़बूत होगा, बल्कि एक परिवार की तरह संगठित भी रहेगा। हम दोनों मिलकर जिले में जो कभी-कभी गुटबाजी दिखाई देती थी, उसे पूरी तरह खत्म करेंगे। मैं कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि अगर दिल में कांग्रेस है तो मतभेद को भूलकर विधायक भूषण बाड़ा के नेतृत्व में एकजुट हो जाइए। क्योंकि जब सिमडेगा एकजुट होगा, तभी झारखंड में कांग्रेस मजबूत होगी और जनता का भरोसा फिर से कांग्रेस के पक्ष में लौटेगा।

*कांग्रेस पार्टी हमारी आत्मा, हमारी पहचान है: भूषण बाड़ा*
उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी हमारी आत्मा है, हमारी पहचान है। अब वक्त आ गया है कि हर पंचायत, हर बूथ, हर गली-मुहल्ले में कांग्रेस फिर से दिखाई दे। उन्होंने कहा कि हम बनाएंगे कांग्रेस परिवार मिशन, जहाँ हर कार्यकर्ता परिवार का हिस्सा होगा। हम बूथ कमेटी नहीं, कांग्रेस सेना बनाएंगे। संगठन को मजबूत करने का मंत्र है जो काम करे वही सम्मान पाए, और जो संगठन को जोड़े वही असली नेता कहलाए।



*अब कांग्रेस में मैं नहीं, हम होगा: भूषण बाड़ा*
भूषण बाड़ा ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता जब मैदान में उतरता है, तो इतिहास खुद रास्ता बदल देता है। हम किसी कुर्सी या पद के लिए नहीं लड़ते, हम जनता के हक़ की लड़ाई लड़ते हैं। अब वक्त है कि हर कार्यकर्ता नेता बने और हर नेता कर्मठ कार्यकर्ता बने। अब कांग्रेस में मैं नहीं, सिर्फ हम होगा। हमारा हर कार्यकर्ता बोलेगा मैं कांग्रेस हूँ, मेरी सांसों में सेवा है, मेरे खून में जनसंघर्ष की रवानी है।

*पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उसे जनसेवा और संगठन सशक्तिकरण से साबित करूंगा: भूषण बाड़ा*
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, वह मेरे लिए गर्व के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। यह पद मेरे लिए सम्मान नहीं, बल्कि जनता और संगठन के प्रति सेवा का अवसर है। मैं कांग्रेस की विचारधारा सेवा, समर्पण और समानता को हर गांव और हर दिल तक पहुँचाने का संकल्प लेता हूँ। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो, प्रदेश प्रभारी के. राजू सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद दिया।

*संगठन सशक्तिकरण मेरी पहली प्राथमिकता होगी*
भूषण बाड़ा ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के हर प्रखंड और पंचायत में संगठन को नई ऊर्जा से भरने की योजना बनाई जाएगी। हर बूथ, हर गली, हर गांव में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत किया जाएगा। हर कार्यकर्ता को सम्मान, जिम्मेदारी और पहचान मिले यही मेरा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीब, किसान, युवा और आदिवासियों की आवाज़ रही है।



*जनसेवा ही मेरी राजनीति का मूल मंत्र है: विधायक भूषण बाड़ा*
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा मैं राजनीति को पद या प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि सेवा का अवसर मानता हूँ। जब तक सांस है, सिमडेगा की जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहूंगा। किसानों को उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और आदिवासियों को अधिकार दिलाना मेरा पहला संकल्प है। आज ये भीड़ मेरा स्वागत नहीं कर रही, ये कांग्रेस के पुनर्जागरण का आगाज़ कर रही है। मैं आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद देता हूँ। लेकिन असली सलाम मैं उन कार्यकर्ताओं को करता हूँ जिन्होंने तपती धूप में झंडा उठाया, बारिश में पोस्टर चिपकाया और हर घर तक कांग्रेस का संदेश पहुँचाया वही असली हीरो हैं, वही मेरी ताकत हैं।

*हम राजनीति नहीं, रिश्ते जोड़ने निकले हैं: जोसिमा खाखा*
महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि यह आभार यात्रा जनता के बिना अधूरी है। हमारे किसान, मजदूर, आदिवासी, महिलाएं, युवा यही कांग्रेस की जड़ हैं। हम राजनीति नहीं, रिश्ते जोड़ने निकले हैं। हर कदम में जनता की आस्था है, हर योजना में जनता की सोच है। हम वादा करते हैं जनता की आवाज़ अब दबेगी नहीं, कांग्रेस की आवाज़ अब रुकेगी नहीं।

*कार्यकर्ताओं में उमड़ा उत्साह, कहा योग्य व्यक्ति को मिला योग्य सम्मान*
भूषण बाड़ा की नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह देखा गया। सभी ने कहा कि पार्टी ने सही व्यक्ति को सही जिम्मेदारी दी है। उनकी सादगी, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन पर पकड़ उन्हें इस पद के योग्य बनाती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भूषण बाड़ा के नेतृत्व में सिमडेगा में कांग्रेस का नया अध्याय शुरू हो गया है।

*कई कार्यकर्ताओं ने किया संबोधित*
समरोम पौल तोपनो, मनोज जयसवाल, बिपिन पंकज मिंज, अजीत लकड़ा, तिलका रमण, बर्थलोमी तिर्की ने कहा कि हम कार्यकर्ता आज बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं कि हमारे अपने विधायक भूषण बाड़ा अब पूरे जिले के अध्यक्ष बने हैं। हमें यकीन है कि उनके नेतृत्व में संगठन में जोश भी आएगा, अनुशासन भी रहेगा और एकता भी मजबूत होगी। हम सब मिलकर यह दिखा देंगे कि सिमडेगा की कांग्रेस ही पूरे झारखंड की धड़कन है। अब किसी को हताश होने की ज़रूरत नहीं, अब संघर्ष का नहीं जीत का वक्त है। हम हर गांव, हर घर तक कांग्रेस का संदेश लेकर जाएंगे हाथ का साथ, जनता के विश्वास का रास्ता। संगठन को बुलंदियों पर ले जाने के लिए हम दिन-रात मेहनत करेंगे।

Leave a Reply