
रांची: राजधानी रांची में वाहन नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत अब तक कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि कुछ आरोपियों को जेल भी भेजा गया है।
दरअसल, हाल के दिनों में शहर के पुनदाग, खेलगांव और टाटीसिलवे थाना क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर लूट की कई घटनाएं सामने आई थीं। जब पुलिस ने इन घटनाओं की जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अपराधियों ने जिन वाहनों का इस्तेमाल किया, उनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी या कई मामलों में नंबर प्लेट पूरी तरह गायब थी। इससे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, पहले लोग ऑनलाइन चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट में बदलाव करते थे, लेकिन अब अपराधी भी इसी तरीके का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था के लिए यह एक गंभीर चुनौती बन गई है।
इस मामले में ट्रैफिक डीएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पिछले 2-3 महीनों में 10 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा 4 आरोपियों को जेल भेजा गया है और लगभग 50 वाहनों को जब्त कर कोर्ट में कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी वाहन मालिक नियमों का उल्लंघन करते हुए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।