धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई: कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी, मनी लांड्रिंग की जांच तेज

Spread the love

धनबाद, झारखंड: ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने आज सुबह से धनबाद में कई कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई कोयले के अवैध कारोबार से जुड़ी मनी लांड्रिंग की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक मनोज अग्रवाल, कोयला व्यवसायी सुधीर चौटाला और इंद्रराज भदौरिया के परिसरों की तलाशी ली। मनोज अग्रवाल न सिर्फ डेको आउटसोर्स कंपनी के संचालक हैं बल्कि वे ट्रांसपोर्टर के रूप में भी सक्रिय हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को संदेह है कि कोयले के अवैध कारोबार के जरिए बड़ी मात्रा में काला धन सफेद करने (मनी लांड्रिंग) का खेल चल रहा था। ईडी की टीमें फिलहाल डिजिटल रिकॉर्ड, लेनदेन से जुड़े दस्तावेज़ और अन्य साक्ष्य खंगाल रही हैं।

धनबाद समेत आसपास के इलाकों में इस छापेमारी की खबर फैलते ही कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। ईडी की कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply