झारखंड में बड़ी वारदात: केनरा बैंक शाखा में घुसकर 5-6 लुटेरों ने उड़ाए 15 लाख

Spread the love

रांची / पूर्वी सिंहभूम: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 5 से 6 की संख्या में आए लुटेरों ने बैंक में घुसकर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।


बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 1:40 से 1:45 बजे के बीच हथियारों से लैस अपराधी बैंक पहुंचे। उनके पास देसी कट्टा और कटारी जैसे हथियार थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और सभी के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
इसके बाद लुटेरों ने बैंक के कैश काउंटर से करीब 7 लाख रुपये और लॉकरनुमा कैश स्टोरेज से करीब 8 लाख रुपये निकाल लिए। इस दौरान अपराधियों ने सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली।


जानकारी के मुताबिक बैंक के अंदर चार लुटेरे मौजूद थे, जबकि दो अपराधी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने बैंक के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply