झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले बड़ा पेपर लीक कांड, 164 गिरफ्तार

Spread the love

रांची | झारखंड में उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा से पहले पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी छापेमारी कर पूरे सॉल्वर/पेपर लीक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।


पुलिस के अनुसार, एक अधनिर्मित भवन में 150 से अधिक अभ्यर्थियों के जमा होने की सूचना मिली थी। जब छापेमारी की गई, तो वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपने सामान छिपाने लगे। मौके से कुल 164 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 159 अभ्यर्थी शामिल हैं।


जांच के दौरान पुलिस को मौके से प्रिंटर, प्रश्न-उत्तर सेट, एडमिट कार्ड, मोबाइल फोन और बैंक चेक बरामद हुए हैं। यह भी खुलासा हुआ है कि गैंग के सदस्य अभ्यर्थियों से 10 से 15 लाख रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थियों से उनके मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज पहले ही ले लिए जाते थे, ताकि कोई सबूत न बचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


इस कार्रवाई के दौरान 8 वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।


प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का संबंध पहले भी कई बड़े पेपर लीक मामलों से रहा है, जिनमें नीट 2024, यूपी पुलिस भर्ती 2024 और अन्य परीक्षाएं शामिल हैं।

Leave a Reply