राँची में अड्डेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 68 जगहों पर छापेमारी, 179 लोग पकड़े गए

Spread the love

राँची | राजधानी राँची में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने रविवार रात बड़ा अभियान चलाया। शहर सहित पूरे जिले में अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।


एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारी और डीएसपी ने संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले के करीब 68 स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां अड्डेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 179 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अड्डेबाजी करते पाए जाने पर सीधे जेल भेजा जाएगा।


यह अभियान बिरसा नगर, नामकुम, कांके, बिरला मैदान, विद्यानगर, नरकोपी, लालपुर और हरमू समेत 68 से अधिक इलाकों में चलाया गया। इस दौरान कई जगहों पर बेवजह जमा युवकों को पुलिस ने खदेड़ कर भगाया, वहीं कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ के बाद चेतावनी दी गई।
इसके अलावा, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया है।


एसएसपी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अड्डेबाजी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि अड्डेबाजी करने वाले कई लोग नशे का सेवन करते हैं और कई बार आपराधिक घटनाओं की योजना भी बनाते हैं। ऐसे में अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान बेहद जरूरी हैं।

Leave a Reply