UPSC 2025 में झारखंड के दो युवाओं की बड़ी सफलता: रांची के इश्तियाक रहमान को 354वीं रैंक, दुमका की सुदीपा दत्ता ने हासिल की 41वीं रैंक

Spread the love

रांची: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में झारखंड के दो युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। रांची के डोरंडा फिरदौस नगर के रहने वाले इश्तियाक रहमान और दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।


रांची के डोरंडा फिरदौस नगर निवासी इश्तियाक रहमान ने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 354 हासिल की है। वर्तमान में इश्तियाक रहमान पिछले लगभग छह महीनों से हैदराबाद में मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के अंतर्गत हैदराबाद एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे रांची शहर में खुशी का माहौल है, वहीं खासकर मुस्लिम समाज के लोगों ने इसे गर्व का क्षण बताया है। परिवार और परिचितों के साथ-साथ शहर के लोगों ने भी इश्तियाक रहमान को इस सफलता के लिए बधाई दी है।


वहीं दूसरी ओर झारखंड के दुमका जिले की बेटी सुदीपा दत्ता ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 41 हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाली सुदीपा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।


खास बात यह है कि सुदीपा ने किसी बड़े कोचिंग संस्थान की मदद के बिना घर पर रहकर और राजकीय पुस्तकालय में पढ़ाई करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से दुमका जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड में खुशी की लहर है।


दोनों प्रतिभाओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply