नगर निकाय चुनाव से पहले धनबाद की राजनीति में बड़ा उलटफेर, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल हुए JMM में शामिल

Spread the love

धनबाद: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले धनबाद की राजनीति में सोमवार को बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला। धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।


दुमका में आयोजित झारखंड दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंच से चंद्रशेखर अग्रवाल का JMM में स्वागत किया। बताया जा रहा है कि उन्हें पार्टी में शामिल कराने में JMM के वरिष्ठ विधायक मथुरा प्रसाद की अहम भूमिका रही।

सूत्रों के मुताबिक, मेयर पद के लिए समर्थन नहीं मिलने से नाराज़ होकर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी से अलग होने का फैसला लिया। भाजपा ने धनबाद मेयर पद के लिए अपने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा की थी, जिससे चंद्रशेखर अग्रवाल असंतुष्ट बताए जा रहे हैं।


वहीं दूसरी ओर, JMM ने पहले ही अपनी नेता नीलम मिश्रा को धनबाद मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस बीच भाजपा के धनबाद सांसद ढुलु महतो की पत्नी सावित्री देवी द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने से चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।


इसके अलावा पूर्व मेयर इंदु देवी ने भी नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने युवा इंजीनियर प्रकाश महतो को समर्थन देने की घोषणा की है।


धनबाद और रांची नगर निगम के मेयर पद को लेकर होने वाले चुनाव पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। दोनों शहरों में यह चुनाव राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

Leave a Reply