भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर: पीएम की विदेश यात्रा पर चुप, मुख्यमंत्री पर सवाल— विनोद पांडेय

Spread the love

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर उठाए गए सवालों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।


विनोद पांडेय ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी विदेश यात्राओं पर जाते हैं, तब भाजपा उसे देश की प्रतिष्ठा और कूटनीतिक सफलता बताती है, लेकिन वही मापदंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा के मामले में बदल जाता है। यह भाजपा के दोहरे चरित्र को साफ तौर पर उजागर करता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पूरी तरह राज्यहित में है, जिसका उद्देश्य झारखंड में निवेश लाना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और राज्य को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित करना है। इसे भाजपा जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर रही है।


झामुमो महासचिव ने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह पूरे सम्मान, गरिमा और संवैधानिक मर्यादाओं के साथ संपन्न होगा। इस विषय पर भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह निराधार है।


विनोद पांडेय ने सवाल उठाया कि अगर विदेश यात्रा करना गलत है, तो यह नियम प्रधानमंत्री पर क्यों लागू नहीं होता। भाजपा को इस चयनात्मक विरोध की राजनीति पर जवाब देना चाहिए।


उन्होंने दोहराया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी हितों की रक्षा, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था की मजबूती और रोजगार सृजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता भाजपा की राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

Leave a Reply