
रांची | रांची नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रांची शहर को बदहाल बनाने में भाजपा की भूमिका रही है और अब उन्हें जनता से वोट मांगने में शर्म आनी चाहिए।

चुटिया वार्ड नंबर 14 के भट्ठी मुहल्ला में मेयर प्रत्याशी रमा खलखो के समर्थन में चुनाव प्रचार किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई आदित्य विक्रम जयसवाल ने की। इस दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक दुबे भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रचार अभियान के दौरान नेताओं ने आम जनता से कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो के पक्ष में मतदान करने की अपील की। आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि जनता उनके पिछले कार्यों से भली-भांति परिचित है और इस बार फिर से उन्हें मेयर बनाकर रांची के विकास की राह को मजबूत करें।

वरिष्ठ नेता आलोक दुबे ने मतदाताओं से क्रम संख्या 5, “बेंच” छाप पर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि रमा खलखो के नेतृत्व में रांची को एक बेहतर और विकसित शहर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में अनिल सिंह, कृष्णा सहाय, मेहुल दुबे, रवि राम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
