
रांची: रांची जिला में आयोजित द्रोणाचार्य क्रिकेट लीग के रोमांचक मुकाबले में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की टीम ने कैरली पब्लिक स्कूल को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला कैरली पब्लिक स्कूल के मैदान में खेला गया, जिसमें सीबीएसई के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकेतर कर्मी भाग ले रहे हैं।

मैच में कैरली पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 16 ओवर के इस मुकाबले में कैरली पब्लिक स्कूल की टीम ने 120 रन बनाए। हालांकि टीम के सभी खिलाड़ी 2 ओवर शेष रहते ही आउट हो गए।
इसके जवाब में 120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट खोकर 124 रन बना लिए और 27 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।

कलकत्ता पब्लिक स्कूल की ओर से सूरज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीन छक्के की मदद से 45 रन बनाए। वहीं बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज राज पांडे ने भी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 37 रन बनाए तथा गेंदबाजी में 3 विकेट भी हासिल किए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
मैच का विजयी चौका अनुज कुमार तिवारी ने लगाकर टीम को जीत दिलाई। कलकत्ता पब्लिक स्कूल की टीम ने कप्तान संतोष कुमार के नेतृत्व में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
वहीं कैरली पब्लिक स्कूल के कप्तान शेख मुस्ताक ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह अपनी टीम को हार से बचा नहीं सके। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों के खेल की सराहना की और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।