
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने 77वां गणतंत्र दिवस महात्मा गांधी क्रीड़ांगण, सीसीएल गांधीनगर में पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण के बीच मनाया। इस अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री निलेन्दु कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी उपस्थितजनों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात सीएमडी श्री सिंह ने सीसीएल सुरक्षा कर्मियों, सीआईएसएफ जवानों, आर्मी बैंड तथा डीएवी गांधीनगर स्कूल के विद्यार्थियों की परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत शांति और प्रगति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर की गई।
समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक प्रतिनिधि, सीसीएल कर्मी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह एवं मंडल की अन्य सदस्य भी समारोह में शामिल हुईं।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री निलेन्दु कुमार सिंह ने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि तेज़ विकास तभी सार्थक है जब वह पर्यावरण-सुरक्षित, समाज-समावेशी और भविष्य-उन्मुख हो। उन्होंने कहा कि सीसीएल भारत की ऊर्जा सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ है और वर्ष 2025-26 में उत्पादन एवं प्रेषण के क्षेत्र में संगठन ने निरंतर प्रगति की है।

उन्होंने बताया कि कोत्रे-बसंतपुर-पचमो ओपन कास्ट परियोजना (5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता) से नवंबर 2025 से उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि 15 मिलियन टन क्षमता वाली चंद्रगुप्त ओपन कास्ट परियोजना सभी वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त कर उत्पादन के लिए तैयार है। पिपरवार फेज-1 अंडरग्राउंड परियोजना में इन्क्लाइन ड्राइवेज का कार्य प्रारंभ हो गया है और राजहरा ओपन कास्ट परियोजना से इसी माह उत्पादन शुरू किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सीसीएल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 5,720 हेक्टेयर भूमि पर लगभग 1.10 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए फॉग कैनन, मोबाइल वाटर टैंकर और विंड बैरियर लगाए गए हैं। नेट-ज़ीरो लक्ष्य के तहत 425 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने की योजना पर कार्य जारी है। पिपरवार स्थित 20 मेगावाट सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 28 लाख यूनिट बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे हर माह करीब 1.10 करोड़ रुपये की बचत हो रही है।
सीएसआर गतिविधियों की चर्चा करते हुए सीएमडी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक सीसीएल द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सामाजिक विकास कार्यों पर खर्च की जा चुकी है। “नन्हा सा दिल” परियोजना के तहत 28 हजार से अधिक बच्चों की जांच एवं 75 बच्चों की सफल हार्ट सर्जरी कराई जा चुकी है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस एवं गांधीनगर केंद्रीय अस्पताल में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में डीएवी गांधीनगर, ज्ञानोदय स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रतिभागियों और सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित किया गया।
