
रांची | सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केन्द्र, गांधीनगर की ओर से दिनांक 21 जनवरी 2026 को रांची स्थित गागी बस्ती में एक नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर में कुल 204 लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई।
शिविर के दौरान हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) सहित अन्य सामान्य एवं गंभीर बीमारियों की नि:शुल्क जाँच की गई। जाँच उपरांत मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया, साथ ही सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क दवाएँ भी वितरित की गईं।
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में डॉ. भरत सिंह (सीएमओ इंचार्ज, गांधीनगर), डॉ. प्रीति तिग्गा (सीएमओ, सीएसआर इंचार्ज), डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपाली, डॉ. रजनी कुजूर, डॉ. अम्बरीश, डॉ. वीणा, श्री मुन्ना कुमार सिंह सहित समस्त पारा मेडिकल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्थानीय नागरिकों ने सीसीएल द्वारा किए गए इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। यह पहल सीसीएल की सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
