
दिल्ली कैंट के मानेकशॉ सेंटर में सैन्य नर्सिंग सेवा (एमएनएस) ने अपना शताब्दी समारोह भव्य रूप से आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ थे। उन्होंने इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट, प्रथम दिवस आवरण और शताब्दी डायरी का विमोचन किया तथा साहस, सेवा और समर्पण की सौ वर्षीय गौरवगाथा पर आधारित एक ई-वृत्तचित्र का शुभारंभ किया।
समारोह की एक विशेष उपलब्धि एमएनएस के वर्चुअल रियलिटी संग्रहालय का उद्घाटन रहा, जिसमें माननीय मंत्री ने सात मिनट की इमर्सिव वीआर यात्रा का अनुभव किया। यह अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसने एमएनएस के इतिहास को तकनीक के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज (AFMS) के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें डीजी एएफएमएस सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, ले. जनरल सी. जी. मुरलीधरन (डीजीएमएस-सेना), सर्जन वाइस एडमिरल कविता सहाय (डीजीएमएस-नौसेना), एयर मार्शल संदीप थरेजा (डीजीएमएस-वायु सेना) और मेजर जनरल लिसम्मा पी. वी. (एडीजी, एमएनएस) शामिल थे।
रक्षा राज्य मंत्री ने सैन्य नर्सिंग सेवा को “साहस और देखभाल का जीवंत उदाहरण” बताते हुए इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह सशस्त्र बलों में स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूती प्रदान करता है।