सरहुल पूजा महोत्सव को लेकर केंद्रीय सरना समिति ने रांची प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा और सुविधाओं की उठाई मांग

Spread the love

रांची: प्राकृतिक महापर्व सरहुल पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से मनाने को लेकर केंद्रीय सरना समिति ने रांची जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।


शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय कार्यालय, 13 आरआईटी बिल्डिंग, कचहरी परिसर रांची से प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।


समिति ने प्रशासन से सरहुल महोत्सव के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। ज्ञापन में मुख्य रूप से केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित करने, महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों की तैनाती, चलंत शौचालय और चलंत चिकित्सायन की व्यवस्था करने की मांग की गई।


इसके अलावा समिति ने सरहुल शोभा यात्रा के दिन बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा कराने की भी मांग की है।


इस अवसर पर केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद जी ने कहा कि सरहुल आदिवासी समाज का एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक पर्व है, जिसे लोग बड़े ही उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव को देखने और समझने के लिए देश-विदेश से भी लोग रांची पहुंचते हैं।


उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि सरहुल महोत्सव के दौरान रांची शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।


मौके पर केंद्रीय सरना समिति के सचिव पंचम तिर्की, सोहन कच्छप, नंदा उरांव, मना सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply