
रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) रैंक में प्रोन्नत अधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर राज्य पुलिस सेवा से आईपीएस कैडर में पदोन्नत अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।

मुख्यमंत्री ने श्री राम समद, श्री रोशन गुड़िया, श्री अविनाश कुमार, श्री राजेश कुमार, श्री मजरूल होदा एवं श्री दीपक कुमार को आईपीएस की बैच पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की भावना सर्वोपरि है। नव-प्रोन्नत अधिकारियों से उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार तथा पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा भी मौजूद रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत आईपीएस अधिकारियों को बैच पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।