
रांची: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री का मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और शिवभक्तों द्वारा “बम बम भोले” और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भगवान भोलेनाथ की पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और राज्य की प्रगति, सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में हर वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस वर्ष भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे हैं, जो राज्य की धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

इस अवसर पर श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर, रांची द्वारा मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत और अभिनंदन किया गया। महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और श्रद्धालुओं में उत्साह एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर राजधानी रांची का ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का केंद्र बना हुआ है, जहां हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंच रहे हैं।

















