सिदो-कान्हू जयंती पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, कहा – झारखंड वीरों की भूमि

Spread the love

रांची | हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि रही है, जहां अनेक महान सपूतों ने जन्म लेकर अपने साहस और बलिदान से इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी एवं मूलवासी समुदाय ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उस समय भी संघर्ष किया, जब देश में आजादी की लड़ाई की शुरुआत भी नहीं हुई थी।


मुख्यमंत्री ने वीर शहीद सिदो-कान्हू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका, जो आज भी समाज को संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की राह दिखाता है।
उन्होंने आगे कहा कि सिदो-कान्हू की जयंती भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज है। इस अवसर पर पूरे राज्य और देश में लोग उनकी प्रतिमा, जन्मस्थली और शहादत स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। आदिवासी समुदाय सहित सभी देशवासी इस बात पर गर्व करते हैं कि ऐसे वीर सपूतों ने इस धरती पर जन्म लिया और समाज को एक नई दिशा दी।
यह कार्यक्रम वीर सपूतों के बलिदान को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।

Leave a Reply